रायपुर। जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव में जंगल के अंदर चल रहे जुए के फड़ पर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दबिश देकर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 3.50 लाख रुपये नकद के साथ कार, 7 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, जंगल के अंदर इमरजेंसी लाइट लगाकर जुआ खेला जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और 13 लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर, बिलासपुर समेत अन्य जिलों के लोग भी शामिल हैं।
पूर्व उप सरपंच को मुख्य सरगना बताया
पुलिस के अनुसार, जुए के इस फड़ का कथित मुख्य संचालक उमेश साहू है, जो सारागांव का पूर्व उप सरपंच बताया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत खरोरा थाने में FIR दर्ज की है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि जुए का यह फड़ कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।




