धमतरी। मछली पकड़ने की जानकारी ढीमर समाज के लोगों को देने के शक में पिता और उसके दो बेटों पर चाकू से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद चार बालिग आरोपियों का सिर मुंडवाकर जुलूस निकाला गया।
मामला दानीटोला क्षेत्र का है। दो दिन पहले आरोपियों ने सूचना देने के शक में पिता और उसके दो पुत्रों पर चाकू से हमला कर दिया था। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार ध्रुव, आलेक रामटेके, राम साहू और चंद्रशेखर शामिल हैं। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। सभी आरोपी दानीटोला के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने चार बालिग आरोपियों को सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालकर थाने तक पहुंचाया। वहीं नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।




