धमतरी। शहर के रत्नाबांधा इलाके में एक शादीशुदा युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक की पहचान जय प्रकाश देवांगन के रूप में हुई है। परिजनों ने पारिवारिक विवाद और पत्नी की कथित मांग को आत्महत्या की वजह बताया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, रत्नाबांधा निवासी जय प्रकाश देवांगन की करीब चार साल पहले मोनिका देवांगन से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब आठ महीने से मोनिका अपने मायके में रह रही थी।
पत्नी को वापस लाने का प्रयास कर रहा था
परिजनों का कहना है कि जय प्रकाश पत्नी को वापस घर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच बातचीत भी हुई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने ससुराल लौटने के लिए पति के सामने 25 लाख रुपये की मांग रखी थी।
परिवार का दावा है कि इस मांग और लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद के कारण जय प्रकाश मानसिक रूप से परेशान था। इसी बीच उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना से इलाके में मचा हड़कंप
युवक के आत्महत्या करने की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर देवांगन समाज की ओर से भी मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए परिवार के सदस्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही 25 लाख रुपये की कथित मांग और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




