रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल कार और एक्टिवा समेत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का सामान बरामद किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, इस चोरी की योजना का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव है। उसके साथ सूरज ढीमर और एक अन्य व्यक्ति भी वारदात में शामिल था। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की पूरी कहानी का खुलासा किया।
बंद दुकान को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स के संचालक सुनील जैन ने 30 सितंबर की सुबह दुकान खोली तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। दुकान की दाहिनी ओर की दीवार में बड़ा छेद था और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
हजारों CCTV फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही के साथ आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसके अलावा पुराने चोरी के मामलों में शामिल रहे आरोपियों और हाल में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। इसके बाद विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया गया।
कर्ज में डूबा था मुख्य आरोपी
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी। कारोबार के लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन फैक्ट्री अपेक्षा के मुताबिक नहीं चल सकी। कारोबार में नुकसान के बाद उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ता गया।
पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी के चलते विशाल ने चोरी की योजना बनाई। उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी को साथ लिया। इसके बाद तीनों ने ज्वेलरी दुकानों की रेकी शुरू की।
दो रात की रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले 26-27 सितंबर की रात श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की पीछे की दीवार में छेद करना शुरू किया। आधा छेद करने के बाद वे वहां से लौट गए। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात आरोपी दोबारा दुकान के पास पहुंचे।
पहले से बनाए गए छेद को बड़ा कर आरोपी दुकान के भीतर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। अगले दिन दुकान संचालक को चोरी का पता चला।
चोरी का माल और वाहन बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 3.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 7 लाख 91 हजार 700 रुपये बताई गई है, और करीब 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद किए हैं।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार क्रमांक CG04MT8303 और बिना नंबर की एक्टिवा भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये है।
एक आरोपी अभी फरार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सचदेव (38) निवासी आरएस बर्फ फैक्ट्री, आजाद चौक क्षेत्र, रायपुर और सूरज ढीमर (32) निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश, हाल निवासी महासमुंद के रूप में हुई है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान चोरी की अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना है।




