सुकमा। लगातार बारिश के कारण सुकमा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई गांवों में जलभराव के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और राहत केंद्रों में पहुंचाया है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को सुकमा पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।
यह भी पढ़े :- Raipur Congress Protest: SIR मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
मुख्यमंत्री ने राहत केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने राहत केंद्रों में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रभावित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री
सीएम साय ने राहत केंद्रों में मौजूद लोगों से बातचीत कर बाढ़ के कारण सामने आ रही परेशानियों और उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से सुकमा में बाढ़ की मौजूदा स्थिति और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने राहत केंद्रों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत केंद्रों में रह रहे परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा
सुकमा और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।




