Raipur Congress Protest: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर समेत प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पार्टी ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने देशभर में जिला स्तर पर विरोध मार्च का कार्यक्रम घोषित किया था।
यह भी पढ़े :- रायपुर में आज रात निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी, 2000 जवान संभालेंगे सुरक्षा; शराब दुकानें रहेंगी बंद
मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। (Raipur Congress Protest)
घड़ी चौक पर पुलिस ने रोका मार्च
कांग्रेस का पैदल मार्च जब घड़ी चौक के पास पहुंचा तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई।
प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग दोहराई।
कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर अपना विरोध जारी रखने की बात कही है। पार्टी ने देशभर में चरणबद्ध विरोध कार्यक्रम की घोषणा की है, जिसमें जिला कांग्रेस कमेटियों को कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव आयोग की ओर से क्या स्थिति है?
भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक ज्ञानेश कुमार वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। उन्होंने 19 फरवरी 2025 को 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था। (Raipur Congress Protest)
SIR को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक विवाद के बीच अलग-अलग स्तर पर आरोप और जवाब सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने अपनी मांगों को दोहराते हुए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी उठाई है। (Raipur Congress Protest)




