रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन की पारंपरिक झांकी आज रात 9 बजे शारदा चौक से निकलेगी। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। झांकी रूट को छह सुरक्षा जोन और 30 सेक्टर में बांटकर करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पुलिस ड्रोन से निगरानी के साथ CCTV और वॉच टावर के जरिए भी नजर रखेगी।
यह भी पढ़े :- राजीव भवन में कांग्रेस की अहम बैठक शुरू, नए प्रभारी सुखदेव भगत की अध्यक्षता में संगठन पर मंथन
रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह पहली बड़ी गणेश विसर्जन झांकी है। इसे देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है।
शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक रूट
झांकी के पारंपरिक रूट पर शाम 6 बजे से बैरिकेडिंग शुरू कर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। झांकी रूट के अलावा शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी।
भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी।
तीन लेयर में सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
झांकी के दौरान सुरक्षा के लिए तीन स्तर का सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। करीब 2,000 पुलिस अधिकारी और जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। कई स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं। झांकी रूट पर ड्रोन उड़ाकर वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए निगरानी की जाएगी।
किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए एसीसीयू और क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी।
शाम 4 बजे से शराब दुकानें सील
झांकी के दौरान नशे में हंगामा और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अलावा बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार संबंधित शराब दुकानें आज शाम 4 बजे से बंद और सील रहेंगी।
छह जोन और 30 सेक्टर में बांटा झांकी रूट
झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीतालाब रोड, पुरानीबस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा-महादेवघाट की ओर जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे रूट को छह जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी प्रभारी रहेंगे। अलग-अलग सेक्टर की जिम्मेदारी भी पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है।
सदरबाजार में धीमी आवाज में बजेगा साउंड सिस्टम
नगर निगम ने निरीक्षण के दौरान सदरबाजार क्षेत्र के 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया है। सुरक्षा को देखते हुए लोगों के इन मकानों की छतों पर जाने पर रोक रहेगी और पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सदरबाजार में साउंड सिस्टम निर्धारित सीमा के भीतर धीमी आवाज में बजाने के निर्देश दिए गए हैं। ध्वनि स्तर की निगरानी के लिए साउंड मीटर लगाया जाएगा। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग
झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब: शहीद स्मारक भवन के पास
- कटोरा तालाब और टिकरापारा: गांधी मैदान के पास
- मठपारा और पुरानीबस्ती: इंडोर स्टेडियम के पास
- विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी: ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट
पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और झांकी के दौरान पुलिस एवं यातायात व्यवस्था के लिए जारी निर्देशों का पालन करें।




