बिलासपुर। न्यायधानी में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े : अस्पताल में महिला की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप; अंतिम संस्कार में शामिल किया गया भाग
मृतक की पहचान ओम लहरे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने मौका पाकर ओम लहरे से मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। शव को फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास फेंक दिया गया। सड़क पर शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। शव को घसीटे जाने के कारण सड़क पर खून के निशान भी मिले हैं।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसे वारदात का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। उससे पूछताछ कर हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद हत्या के पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।




