रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण रविवार को छत्तीसगढ़ में विभिन्न स्थानों पर सुना गया। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निवास पर भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का श्रवण किया।
यह भी पढ़े :- किरण देव ने रायपुर में सुनी ‘मन की बात’, राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर साधा निशाना
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने, जिला महामंत्री अमित मैशेरी, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, पार्टी कार्यकर्ता राहुल राव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘मन की बात’ जनचेतना का कार्यक्रम : किरण देव
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा में किरण देव ने ‘मन की बात’ को राजनीति से अलग जनचेतना का कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर महीने देश-विदेश की प्रेरक घटनाओं, खेल, युवा प्रतिभाओं और स्थानीय नवाचारों का उल्लेख करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशेषताओं का भी समय-समय पर कार्यक्रम में जिक्र होता रहा है।
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस पर निशाना
राहुल गांधी के वोट चोरी और मतदाता सूची से नई पीढ़ी के मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों से जुड़े सवाल पर किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि वोट चोरी होती तो कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार कैसे बनती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन राज्यों में चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाती है, जहां भाजपा चुनाव जीतती है।
किरण देव ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं और निर्वाचन आयोग पर तभी भरोसा करती है, जब चुनावी परिणाम उसके पक्ष में हों। उन्होंने विपक्ष पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस के संगठनात्मक दौरे पर बोले किरण देव
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर किरण देव ने इसे कांग्रेस का आंतरिक सांगठनिक विषय बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहती है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू जल्द ही छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगे। उनके संगठनात्मक अनुभव का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा।




