बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहीं सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
यह भी पढ़े :- RAIPUR NEWS : गणेश पंडाल में फ्लेक्स हटाने पर बवाल, चाकू-पत्थर चले; कई घायल
जानकारी के अनुसार, हादसा कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच हुआ। माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से घायलों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार, दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का कसडोल अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अमजद खान ने घायलों की मदद की
घटना के संबंध में घायल श्रद्धालुओं के परिजन देवचरण जांगड़े ने बताया कि वे सभी ग्राम मुरकुटा नांदघाट, जिला बेमेतरा से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन पलट गया और कई लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद अमजद खान ने घायलों की मदद की और अपने वाहन से कई लोगों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। परिजनों के अनुसार, फिलहाल घायल खतरे से बाहर हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कसडोल थाना प्रभारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से जानकारी लेकर मामले की जांच कर रहे हैं।




