जशपुर। जशपुर जिला अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर ₹500 रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़े :- CG Weather Alert – छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, 65 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आरोप जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल पर लगाया गया है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें डॉक्टर कथित तौर पर ₹500 लेते हुए नजर आ रहे हैं। मामले की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत
मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत सामने आने के बाद जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की है।
डिप्टी कलेक्टर कर रहे मामले की जांच
कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच टीम द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ वायरल वीडियो और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही संबंधित डॉक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।




