बालोद। जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। नगर के अलग-अलग इलाकों में एक आवारा कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे नगर में लोगों के बीच डर का माहौल है और लोग घर से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ते ने नगर के अलग-अलग स्थानों पर अचानक लोगों पर हमला किया। किसी के पैर तो किसी के हाथ में कुत्ते ने काट लिया। हमले में घायल सभी लोगों को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
दुकान से लौट रही महिला पर हमला
टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान में काम करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया।
इसी तरह शशिकला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। रास्ते में कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके हाथ-पैर में काट लिया।
वहीं 60 वर्षीय मानो बाई चिल्हाटीकला गांव से बैंक के काम से डौंडीलोहारा आई थीं। उन्हें भी आवारा कुत्ते ने अपना शिकार बना लिया। इन तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
आवारा कुत्तों की समस्या पर उठे सवाल
एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों के कुत्ते के काटने की घटना सामने आने के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नगर में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल सभी घायलों का डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।




