सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के गुडेली क्षेत्र स्थित डीसी पेट्रोल पंप में कार की टंकी की क्षमता से अधिक पेट्रोल भरने का मामला सामने आने के बाद विवाद हो गया। बंजारी निवासी अनुपम खूंटे अपनी महिंद्रा XUV 3XO में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। पेट्रोल भरने के बाद मशीन की रीडिंग और बिल में दर्ज मात्रा को लेकर उन्होंने पंप कर्मचारियों से आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कार की टंकी 42 लीटर, मशीन में 48 लीटर से अधिक की रीडिंग
अनुपम खूंटे के अनुसार, उनकी महिंद्रा XUV 3XO की फ्यूल टंकी की क्षमता करीब 42 लीटर है। इसके बावजूद पेट्रोल पंप की मशीन में 48 लीटर से अधिक पेट्रोल डालने की रीडिंग दिखाई गई। बिल में भी इसी के अनुरूप मात्रा दर्ज होने की बात कही जा रही है। कार की टंकी की क्षमता और मशीन में दर्ज पेट्रोल की मात्रा में अंतर देखकर ग्राहक ने पंप कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
बहस बढ़ी तो बुलानी पड़ी पुलिस
मामले को लेकर ग्राहक और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच बहस होने लगी। विवाद बढ़ने पर पेट्रोल पंप परिसर में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जानकारी ली।
पंप प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
पेट्रोल पंप प्रबंधन ने मशीन में किसी तरह की गड़बड़ी के आरोपों को गलत बताया है। प्रबंधन का कहना है कि पंप पर लगी मशीनें निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हो रही हैं। ऐसे में मशीन की रीडिंग और कार की टंकी की क्षमता के बीच अंतर का वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ग्राहक ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मामले में अनुपम खूंटे ने पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पेट्रोल पंप की मशीन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार की टंकी की क्षमता और मशीन में दर्ज पेट्रोल की मात्रा में इतना अंतर कैसे आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




