राजनांदगांव। छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमाहका-भोलापुर मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नहर के पास मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है।
मौके पर दो की मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य गंभीर घायल को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
हादसे में घायल लोगों में दो के गहिराभेड़ी निवासी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान जुटाने के साथ हादसे के कारणों का पता लगा रही है। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच जारी है।




