रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना हुए, जहां वे AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। इसके बाद वे AIIMS रायपुर के लिए रवाना हुए और करीब 10:45 बजे परिसर पहुंचे। सुबह 11 बजे से आयोजित AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
ये प्रमुख लोग रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, AIIMS के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के PMSY डायरेक्टर सचिन कुमार विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
AIIMS में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही के लिए भी कुछ बदलाव किए गए हैं। नियमित OPD में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को मुख्य रूप से गेट नंबर-1 से प्रवेश करना होगा। गेट नंबर-3 से भी OPD के लिए आवाजाही की जा सकेगी। हालांकि, गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है।
ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए गेट नंबर-2 का उपयोग पहले की तरह जारी रहेगा। वहीं, रजिस्ट्रेशन काउंटर के लिए इस्तेमाल होने वाला गेट नंबर-4 VIP मूवमेंट के चलते 2 सितंबर की सुबह से आम नागरिकों के लिए बंद रहेगा। गेट नंबर-5 भी आम लोगों के लिए बंद रखा जाएगा।




