जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। परसाही बाना गांव में घर की नींव की खुदाई के दौरान प्राचीन जैसी दिखाई देने वाली दुर्लभ मूर्तियां और ब्रिटिशकालीन सिक्का मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है।
यह भी पढ़े :- SBI की NIT शाखा में बड़ी सेंधमारी की कोशिश, स्ट्रांग रूम तक पहुंचे चोर; कैश बचा
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मूर्तियों और सिक्के को जब्त कर लिया है। अब जब्त सामग्री को जांच के लिए पुरातत्व विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
लगातार आ रहे थे सपने, बैगा की सलाह पर कराई खुदाई
बताया जा रहा है कि गांव निवासी सम्मत कंवर को कुछ समय से लगातार सपने आ रहे थे। इसके बाद उसने गांव के एक बैगा से संपर्क किया। बैगा की सलाह पर घर की नींव की खुदाई शुरू कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से प्राचीन जैसी दिखने वाली कई मूर्तियां और एक ब्रिटिशकालीन सिक्का बरामद हुआ।
मूर्तियां और सिक्का मिलने के बाद इसकी जानकारी गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
खजाना मिलने के बाद हिस्सेदारी को लेकर विवाद
सामग्री मिलने के बाद घर मालिक सम्मत कंवर और बैगा के बीच कथित तौर पर हिस्सेदारी को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बरामद सामग्री में हिस्से को लेकर मतभेद हुआ। विवाद बढ़ने के बाद सम्मत कंवर ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जब्त की मूर्तियां और सिक्का
शिकायत और मामले की जानकारी मिलने के बाद अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खुदाई में मिली सभी मूर्तियों और सिक्के को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही मामले की जानकारी अकलतरा एसडीएम को दी गई है।
अब बरामद मूर्तियों और सिक्के को पुरातत्व विभाग के सुपुर्द किया जाएगा। विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मूर्तियां वास्तव में कितनी पुरानी हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




