रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में मोबाइल दुकान में हुई चोरी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चोरी की घटना को लेकर पुलिस व्यवस्था और गृहमंत्री विजय शर्मा पर सवाल उठाए हैं। बघेल ने दावा किया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के पास पेट्रोल-डीजल तक के पैसे नहीं हैं और इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री साय से गृहमंत्री को हटाने की मांग की।
यह भी पढ़े :- कोरबा में महिला ने उठाया खौफनाक कदम! मौत से पहले बनाया वीडियो, दीवार पर लिखा सुसाइड नोट; बहू पर लगाए गंभीर आरोप
मामला कुनकुरी के जय स्तंभ चौक स्थित कठौतिया मोबाइल दुकान में 12 अगस्त की रात हुई चोरी से जुड़ा है। चोर दुकान से करीब 130 से 140 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को आपस में मिलाकर संदिग्धों की पहचान की गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने झारखंड के साहेबगंज जिले के रहने वाले 35 वर्षीय तौसीफ रजा की पहचान की। इसके बाद विशेष पुलिस टीम झारखंड पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान भी कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के साथ मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
वहीं, इस पूरे मामले में पेट्रोल के पैसे को लेकर भी विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी की तलाश में जाने के लिए पुलिस ने प्रार्थी से पेट्रोल के लिए पैसे मांगे थे, जिसके बाद प्रार्थी ने रकम उपलब्ध कराई।
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पेट्रोल तक के पैसे नहीं मिल रहे हैं, तो प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गृहमंत्री विजय शर्मा को पद से विदा करने की बात कही।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश और चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए जांच जारी है।




