कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र की लक्ष्मणबंध बस्ती में एक महिला की मौत के बाद सनसनी फैल गई। 40 वर्षीय लक्ष्मी मानिकपुरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले महिला द्वारा अपनी बहनों को वीडियो भेजने और घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट लिखने की बात सामने आई है। इसमें उसने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
यह भी पढ़े :- विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाना सर्वाेच्च प्राथमिकता – राज्यपाल डेका
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले लक्ष्मी का अपने पति, बेटे और बहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा। परिजनों का कहना है कि वीडियो में उसने परिवार में चल रहे विवाद को लेकर अपनी बात रखी थी।
इसके बाद महिला ने घर की दीवार पर कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत का नाम लेते हुए उसे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, दीवार पर लिखी गई कथित सुसाइड नोट की लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
फिलहाल पुलिस वीडियो, दीवार पर लिखी गई कथित लिखावट, परिजनों के बयान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और क्या वास्तव में पारिवारिक विवाद इसकी वजह था, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




