ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राजा माने जाने वाले सूर्यदेव का नक्षत्र परिवर्तन महत्वपूर्ण माना जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सूर्यदेव पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र के स्वामी शुक्र देव हैं। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, सूर्य और शुक्र के प्रभाव से कुछ राशियों के जातकों को करियर, आर्थिक स्थिति और मान-सम्मान के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।
यह भी पढ़े :- कार-बाइक की जबरदस्त भिड़ंत, पुल से नदी में गिरे दोनों वाहन; एक की मौत, युवक लापता
इस नक्षत्र परिवर्तन का प्रभाव सभी राशियों पर अलग-अलग पड़ सकता है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, मेष, सिंह, तुला और धनु राशि के जातकों के लिए यह समय विशेष रूप से अनुकूल रहने की संभावना है।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए करियर और कारोबार में प्रगति के योग बन सकते हैं। लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी या बेहतर अवसर मिल सकता है। कारोबारियों के लिए नए संपर्क और साझेदारी लाभदायक साबित हो सकते हैं। समाज में मान-सम्मान बढ़ने के साथ किसी नए काम या प्रोजेक्ट की शुरुआत के लिए भी समय अनुकूल रह सकता है।
सिंह राशि
सूर्य सिंह राशि के स्वामी हैं, इसलिए यह नक्षत्र परिवर्तन इस राशि के जातकों के लिए विशेष माना जा रहा है। आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में वृद्धि हो सकती है। कार्यक्षेत्र में पद-प्रतिष्ठा बढ़ने तथा वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलने के योग हैं। नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कारोबारियों को बड़ी डील या नए प्रोजेक्ट से लाभ मिलने की संभावना है। सामाजिक स्तर पर भी पहचान और सम्मान बढ़ सकता है।
तुला राशि
पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र के स्वामी शुक्र हैं और शुक्र तुला राशि के स्वामी भी हैं। ऐसे में तुला राशि के जातकों के लिए यह समय आर्थिक रूप से बेहतर रह सकता है। आय के नए स्रोत बनने की संभावना है। व्यापार से जुड़े लोगों को नए ग्राहकों या साझेदारी से फायदा मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिल सकते हैं। रुके हुए कार्य पूरे होने से मानसिक संतुष्टि मिलेगी। निवेश के मामलों में लाभ के अवसर बन सकते हैं, हालांकि बड़े आर्थिक फैसले सोच-समझकर लेना बेहतर रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि के जातकों को इस दौरान भाग्य का साथ मिलने की संभावना है। धर्म-कर्म और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन, वेतन वृद्धि या नए अवसर से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। विदेश से जुड़े काम करने वालों के लिए भी समय अनुकूल रह सकता है। कारोबार के विस्तार की योजनाओं में सफलता मिलने और धन लाभ के नए रास्ते खुलने के योग हैं। परिवार से जुड़ी कोई अच्छी खबर भी मिल सकती है।
सूर्यदेव को प्रसन्न करने के आसान उपाय
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, सूर्यदेव को प्रसन्न करने के लिए प्रतिदिन सुबह स्नान के बाद तांबे के पात्र से सूर्यदेव को जल अर्पित करना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही सूर्य मंत्र का जाप करना और रविवार के दिन जरूरतमंदों को अपनी क्षमता के अनुसार दान करना भी लाभकारी माना जाता है।
नोट: यह खबर ज्योतिषीय मान्यताओं और पंचांग में दी गई गणनाओं पर आधारित है। इसे आस्था और सामान्य जानकारी के रूप में लें।




