सुकमा। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर थाना कोंटा क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया गया। डंप से दो टिफिन बम समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
यह भी पढ़े :- ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों और प्रेरक प्रयासों को देती है राष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री साय
बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के पास मिला डंप
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम बेलपोच्चा से गोमपाड़ जाने वाले मार्ग के आसपास सघन जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे जवानों को जंगल में संदिग्ध डंप दिखाई दिया।
सघन तलाशी लेने पर डंप से दो टिफिन बम, 4 बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर, 3 बंडल बिजली वायर, दो स्टील टिफिन, दो प्लास्टिक डस्टबिन और एक बैटरी समेत अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई।
8 किलो के दो टिफिन बम बरामद
बरामद दोनों टिफिन बम वायर रहित अवस्था में मिले। इनमें एक टिफिन बम का वजन करीब 5 किलोग्राम और दूसरे का वजन करीब 3 किलोग्राम है। दोनों का कुल वजन करीब 8 किलोग्राम बताया गया है।
बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह सामग्री सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जा सकती थी।
नक्सलियों के मंसूबों को लगा झटका
सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जंगलों और दुर्गम इलाकों में पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री के डंप की तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के पास बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और दो टिफिन बम की बरामदगी इसी अभियान का हिस्सा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




