राजनांदगांव। पिछले करीब तीन साल से गौरीनगर और स्टेशनपारा अंडरब्रिज के निर्माण के पूरा होने का इंतजार कर रहे रहवासियों की परेशानी अब हादसे में बदल गई है।
यह भी पढ़े :- बस्तर से गरजेगी कांग्रेस! राहुल गांधी जल्द आएंगे, जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर होगा बड़ा आंदोलन
निर्माणाधीन गौरीनगर अंडरब्रिज के पास करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से 45 वर्षीय संतोष सोनवाने की मौत हो गई। परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।
गहरे गड्ढे में गिरने से हुई मौत
घटना शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी दुलारी सोनवाने के मुताबिक, संतोष अंडरब्रिज के पास बैठे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए। गड्ढा करीब 15 फीट गहरा बताया जा रहा है। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संतोष सोनवाने मेडिकल कॉलेज पेंड्री में सफाई कर्मी के रूप में काम करते थे। बताया जा रहा है कि वे परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और छह बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और पांच बेटे शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करता है। वे करीब 15×15 फीट की झोपड़ी में रहते हैं। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन अब तक आवास नहीं मिल सका। संतोष की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।
पानी से भरा गड्ढा बना हादसे की वजह
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर करीब 15 फीट गहरा गड्ढा पानी से भरा मिला, जो तालाबनुमा नजर आ रहा था। आसपास बड़ी आबादी होने के बावजूद गड्ढे के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप है।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद रेलवे का कोई अधिकारी मौके पर उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो हादसे को टाला जा सकता था।
तीन साल से अधूरा पड़ा है अंडरब्रिज निर्माण
गौरीनगर के साथ स्टेशनपारा अंडरब्रिज का निर्माण भी करीब तीन साल से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों और कांग्रेस नेताओं की ओर से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर अब तक पांच बार आंदोलन किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण पूरा नहीं हो सका।
मुआवजे और जिम्मेदारी तय करने की मांग
कांग्रेस नेता हफीज खान ने हादसे के लिए निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की कथित कमी को जिम्मेदार ठहराते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाना जरूरी था। स्थानीय लोगों ने भी हादसे की जिम्मेदारी तय करने और अंडरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।




