गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के दानिकुंडी में पटवारी के कार्यालय के भीतर घुसकर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पटवारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में पटवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- रेलवे सुरंग में बेखौफ घूमता दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल; ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों में बढ़ी दहशत
जानकारी के मुताबिक, दानिकुंडी के हल्का नंबर 26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने कार्यालय में शासकीय कामकाज निपटा रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी काम को लेकर दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कार्यालय में रखी लोहे की रॉड उठाई और पटवारी के सिर पर हमला कर दिया।
रॉड से हमले के बाद लहूलुहान हुए पटवारी
अचानक हुए हमले से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। पटवारी के सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला। इसके बाद घायल पटवारी को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वीडियो में आरोपी ने लगाए गंभीर आरोप
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में आरोपी प्रकाश गोंड पटवारी पर पिछले करीब तीन वर्षों से उसका काम नहीं करने और काम के एवज में लिए गए पैसे वापस नहीं करने का आरोप लगाता नजर आ रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में कार्यालय के भीतर मौजूद कुछ लोग विवाद को शांत कराने और आरोपी को रोकने का प्रयास करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद वायरल वीडियो ने मामले को और चर्चा में ला दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों को जांच के दायरे में लिया है। आरोपी द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमला किन परिस्थितियों में हुआ।




