गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर रेल मंडल के खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड से वन्यजीव की मौजूदगी का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां रेलवे ट्रैक से जुड़ी एक सुरंग के भीतर तेंदुआ घूमता नजर आया। तेंदुए के रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच आराम से चलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- बिहान की दीदियों ने उपमुख्यमंत्री शर्मा को राखी बांधकर दी बधाई, साझा किए गुजरात भ्रमण के अनुभव
जानकारी के मुताबिक, सुरंग के अंदर तेंदुए को सबसे पहले एक रेलवे ड्राइवर ने देखा। इसके बाद वहां से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने सावधानी बरतते हुए मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में तेंदुआ सुरंग के भीतर रेलवे पटरी के बीच चलता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक वह ट्रैक पर घूमता रहा और फिर सुरंग के अंदर आगे बढ़ गया।
घने जंगलों के बीच रेलवे ट्रैक, बढ़ी चिंता
खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड का बड़ा हिस्सा पहाड़ी और घने जंगलों से घिरा हुआ है। इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है। लेकिन रेलवे सुरंग के भीतर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद ट्रैक की निगरानी और मेंटेनेंस से जुड़े कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है।
रेलवे कर्मचारी और ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़े अमले को कई बार ऐसे दुर्गम इलाकों में पैदल जाकर निरीक्षण और मरम्मत का काम करना पड़ता है। ऐसे में अचानक तेंदुए जैसे शिकारी वन्यजीव के सामने आने की स्थिति में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग अलर्ट
तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की बात सामने आई है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उसके मूवमेंट वाले संभावित इलाकों की भी निगरानी कर रही है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, जंगल से जुड़े रेलवे क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही स्वाभाविक है। ऐसे में मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी जरूरी है।
रेलवे-वन विभाग के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत
तेंदुए की मौजूदगी ने रेलवे और वन विभाग के सामने कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल भी खड़ा कर दिया है। मांग उठ रही है कि ऐसे संवेदनशील रेलखंडों पर दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए और ट्रैक पर पैदल गश्त करने वाले कर्मचारियों को वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर समय पर अलर्ट किया जाए।




