रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस में अवैध वसूली के आरोप पर बड़ी कार्रवाई की गई है। राखी थाना में पदस्थ प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे को जबरन दबाव बनाकर पैसे ऐंठने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। मामले की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसपी रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने यह कार्रवाई की।
यह भी पढ़े :- रायपुर में अपराध पर कांग्रेस का हल्लाबोल! 25 दिनों में 12 हत्याओं का दावा, डीडी नगर थाने का किया घेराव
जानकारी के मुताबिक, प्रोविजनल एसआई महेश कुमार ओगरे राखी थाना के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान उनके खिलाफ पद का दुरुपयोग कर दबाव बनाने और अवैध वसूली करने की शिकायत पुलिस विभाग को मिली।

प्रारंभिक जांच में कदाचार की पुष्टि
शिकायत की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि अधिकारी ने पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण नहीं किया। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का अनुचित इस्तेमाल कर जबरन दबाव बनाते हुए पैसे वसूलने की कोशिश की।
मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए एसपी रायपुर ग्रामीण ने महेश कुमार ओगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण निर्धारित किया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई और जांच जारी है।




