रायपुर। राजधानी में बढ़ती हत्या, नशे और आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीडी नगर थाने का घेराव कर सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
यह भी पढ़े :- चुनावी याचिका पर देवेंद्र यादव को झटका, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की SLP
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राजधानी में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने दावा किया कि 1 अगस्त से 25 अगस्त के बीच रायपुर में हत्या की 12 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे शहर में आम लोगों के बीच भय का माहौल है।
डबल मर्डर और गांजा तस्करी का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर और बड़ी मात्रा में गांजा तस्करी के मामले को भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस का आरोप है कि राजधानी में अपराध और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन पुलिस इन घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
थाना घेराव में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म’
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि राजधानी में लगातार सामने आ रही हत्या और नशे से जुड़ी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और राजधानीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि अपराधों पर जल्द प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस आगे भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।




