बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने हत्या की साजिश के मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नवीन पटेल ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए आरोपी दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे।
यह भी पढ़े :- ठंडा समोसा लाने पर दोस्तों में विवाद, बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद चाकू से हमला
यह मामला 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे का है। श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान तारबाहर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।
आरोपियों ने डंडे और नुकीली वस्तु से हमला कर कांग्रेस नेता को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद तारबाहर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, दीपक तिवारी ने आरोपियों को हत्या के लिए पैसों का लालच दिया था, जबकि इस पूरी साजिश के लिए मुख्य आरोपी नवीन पटेल ने उसे रकम उपलब्ध कराई थी।
मामले में पुलिस पहले ही नितिन टेकाम और एक नाबालिग समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब नवीन पटेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पैसों के लेन-देन, हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




