रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में एक घर में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में खमतराई पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महिलाओं पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बीमारी ठीक करने का दावा कर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घर में आयोजित की जा रही थी प्रार्थना सभा
जानकारी के अनुसार, भनपुरी इलाके के एक घर में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। बताया जा रहा है कि सभा में अलग-अलग समुदायों की महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में हिंदू महिलाएं भी शामिल हुई थीं। इसी दौरान छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा को लेकर विरोध जताया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। इसके बाद शिकायत के आधार पर सभा आयोजित करने वाली महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
तीन महिलाओं पर FIR दर्ज
पुलिस ने मामले में लक्ष्मी निषाद, सुरेखा और सुषमा कौशिक के खिलाफ खमतराई थाने में एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रार्थना सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। साथ ही, बीमारी ठीक होने का दावा कर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रेरित किया गया।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। पुलिस सभा में मौजूद लोगों के बयान लेने के साथ ही आयोजन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोप सही हैं या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




