रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की मौजूदगी में 27 अगस्त 2026 को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़े :- रक्षाबंधन 2026: जानें राखी बांधने का सबसे शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूजा विधि
यह बैठक कन्वेंशन हॉल, न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन, रायपुर में होगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।
UCC के प्रावधानों पर होगा विचार-विमर्श
बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, इसके संभावित सामाजिक प्रभावों और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आमंत्रित प्रतिनिधियों से उनके विचार, अनुभव और सुझाव लिए जाएंगे, ताकि राज्य में UCC के संभावित प्रारूप को व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया जा सके।
राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा समावेशी और संतुलित प्रारूप तैयार करना है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जा सके।
अलग-अलग समूहों से भी लिए जाएंगे सुझाव
सरकार की ओर से बताया गया है कि इस बैठक के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं अन्य समूहों को भी पृथक रूप से चर्चा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन समूहों से UCC के प्रारूप और इसके विभिन्न पहलुओं पर सुझाव लिए जाएंगे।
प्राप्त सुझावों और विशेषज्ञों की राय को प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। बैठक के जरिए सरकार इस विषय पर व्यापक संवाद और सभी संबंधित पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।




