सूरजपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- IGKV में पेपर लीक का आरोप, जांच कमेटी गठित
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रेमनगर पुलिस ने इलाके में निगरानी और वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो वाहन नजर आया। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया और ब्रम्हपुर के पास घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया।
वाहन की तलाशी में मिला गांजा
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को बड़ी मात्रा में गांजा मिला। वजन करने पर कुल 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा रायगढ़ की ओर से लाया जा रहा था और इसे बचरापोड़ी की तरफ ले जाया जा रहा था। हालांकि, तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा आरोपी को किससे मिला था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। इसके अलावा तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




