सुकमा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोंटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े :- सुकमा पुलिस की बड़ी सफलता, जंगल में डंप नक्सली सामग्री बरामद
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से गांजे की बड़ी खेप पिकअप वाहन के जरिए दूसरे राज्य ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग स्थित कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक 5, ढोंडरा में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध RJ-27-GE-6757 नंबर की पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के डाले में नमक की बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर अंदर देखा तो उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे।
तलाशी में कुल 150 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 308 किलो 280 ग्राम निकला। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
राजस्थान ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार प्रजापति (24) और उदय राम बलई (24) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के भोपालगढ़ क्षेत्र के गाड़रमाल गांव के निवासी बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांजे की यह खेप ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा कहां से खरीदा गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने गांजे के साथ पिकअप वाहन समेत करीब 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले में थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 25/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकमा रोहित शाह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि बड़ी मात्रा में गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




