रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में युवती की हत्या के मामले में पुलिस की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या के बाद युवक ने अपने गले पर चाकू से कई वार कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
यह भी पढ़े :- उमड़ रहा आस्था का जनसैलाब, ‘राम मिलेंगे आश्रम’ बना शिवभक्तों की आस्था का केंद्र
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक और मृतका की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से जनवरी 2026 में हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि जुलाई और अगस्त में युवक युवती से मिलने रायपुर आया था।
पहले भी इसी होटल में रुके थे दोनों
जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक और युवती इससे पहले भी रायपुर के इसी निजी होटल में ठहर चुके थे। पुलिस अब दोनों की पिछली यात्राओं और होटल में उनके ठहरने से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। इन साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले होटल के कमरे में दोनों के बीच क्या हुआ था।
मोबाइल चैट की भी जांच
पुलिस को दोनों के बीच हुई मोबाइल चैट की जानकारी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर युवती द्वारा युवक से कई बार गिफ्ट मांगे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन चैट का हत्या की वजह से सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों के बीच हुई बातचीत और घटना से पहले की परिस्थितियों को जोड़कर जांच कर रही है।
सैनिक बनने की तैयारी कर रहा था युवक
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक सैनिक बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वहीं, मृतका मोहला-मानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और रायपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में MSc प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसके बाद उनके बीच लगातार बातचीत और मिलना-जुलना शुरू हुआ।
फल काटने वाले चाकू से हमला, फिर खुद पर किए वार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, होटल के कमरे में युवक ने फल काटने वाले चाकू से युवती पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसी चाकू से अपने गले पर कई वार किए।
गले में गंभीर चोट लगने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत को देखते हुए फिलहाल पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है।
आरोपी के बयान का इंतजार
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह और घटना से पहले दोनों के बीच हुए विवाद को लेकर है। आरोपी के गले में गंभीर चोट होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि उसके बयान के बाद घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मोबाइल चैट, होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




