रायपुर। राजधानी में बैंक ग्राहक के खाते से कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में ग्राहक की जानकारी के बिना मोबाइल नंबर बदलकर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बंद कराने और करीब 14.97 लाख रुपये दूसरी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। शिकायत के बाद गंज थाना पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- महाकाल मंदिर में करंट की अफवाह से भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता सुषमा कुमार का एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा में खाता है। आरोप है कि 17 जुलाई को बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह बदलाव उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किया गया।
मोबाइल नंबर बदलने के बाद कथित तौर पर ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए खाते तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद खाते में करीब 14.40 लाख रुपये की FD को समय से पहले बंद कर उसकी राशि बचत खाते में ट्रांसफर कर दी गई। खाते में मौजूद अन्य रकम को मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी स्थित इंडियन सेल्स नामक फर्म के खाते में भेजे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, इंडियन सेल्स का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। रकम ट्रांसफर होने के बाद खाते से चेक और एटीएम के जरिए निकासी किए जाने की भी जानकारी जांच में सामने आई है। अब पुलिस बैंकिंग लेनदेन से जुड़े सभी रिकॉर्ड खंगाल रही है।
मामले का पता 7 अगस्त को उस समय चला, जब सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते व FD की जानकारी ली। खाते में हुई संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की। बैंक की आंतरिक जांच में कथित अनियमितता सामने आने के बाद शाखा प्रबंधक की ओर से गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच टीम फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, बदले गए मोबाइल नंबर, ऑनलाइन बैंकिंग लॉग, चेक और एटीएम से हुई निकासी समेत अन्य डिजिटल और बैंकिंग साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम की हेराफेरी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




