CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के प्रभाव से प्रदेश भर में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।
यह भी पढ़े :- दर्शन मात्र से दूर होते हैं कष्ट: जानिए देश के 5 रहस्यमयी शिव मंदिर, वैज्ञानिक भी नहीं सुलझा सके पहेली
इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की भी संभावना जताई गई है। (CG Weather Alert)
बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला है। अगले 12 घंटों में इसके स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने और तत्पश्चात अवदाब (Depression) में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने का अनुमान है। इस मौसमी तंत्र के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।
बीते 24 घंटों का हाल: ओड़गी और वाड्रफनगर में 7 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। उत्तर छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई:
- 7 सेमी: ओड़गी, वाड्रफनगर, डौरा कोचली
- 5 सेमी: रघुनाथनगर, चलगली, कुसमी
- 4 सेमी: तमनार, चांदो
- 3 सेमी: अजगरबहार, मोहला, शंकरगढ़
- 2 सेमी: तमनार, रतनपुर, मैनपाट, कोरबा, खरसिया, सामरी, जनकपुर भरतपुर, दरी, घरघोड़ा
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को बादल छाए रहेंगे। शहर में एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
संभावित तापमान: अधिकतम 32°C | न्यूनतम 26°C
बीते दिन की स्थिति: 12 अगस्त को रायपुर और दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9°C अधिक था। सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4°C पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।
प्रशासन की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। (CG Weather Alert)




