रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता में जुटी यातायात पुलिस के एक आरक्षक ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बुजुर्ग का छीना हुआ मोबाइल बरामद कर लिया। आरक्षक ने मोबाइल लेकर भाग रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और बाद में उसे आमानाका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यातायात थाना टाटीबंध में पदस्थ आरक्षक 1293 दुजराम कश्यप की ड्यूटी महोबा बाजार चौक पर लगी थी। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को सरस्वती नगर थाना की ओर से तेज रफ्तार में भागते हुए देखा। उसके पीछे एक बुजुर्ग व्यक्ति भी दौड़ रहा था और इशारे से मदद मांग रहा था।
स्थिति को समझते ही आरक्षक दुजराम कश्यप ने तत्काल आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसी बीच बुजुर्ग व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि युवक उसका मोबाइल छीनकर भाग रहा था।
मोबाइल की पुष्टि के लिए बुजुर्ग द्वारा बताए गए नंबर पर कॉल किया गया। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा मोबाइल छीनकर भागने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई।
आरक्षक ने तत्काल आमानाका थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने ले गई। बरामद मोबाइल बुजुर्ग व्यक्ति को सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।
आरक्षक दुजराम कश्यप की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और साहसिक कार्रवाई से न केवल बुजुर्ग का मोबाइल सुरक्षित वापस मिला, बल्कि आरोपी को भी पुलिस के हवाले कर दिया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था के साथ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए अधिकारी-कर्मचारी लगातार तत्परता से काम कर रहे हैं।



