रायगढ़। लखीराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गायनिक वार्ड के बाथरूम के बाहर एक मरीज का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय नारद लहरे, निवासी भिखामपुरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नारद लहरे पीलिया से पीड़ित थे और करीब दो दिन पहले इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नारद लहरे ने अपनी फूल पैंट का इस्तेमाल कर फंदा बनाया और जान दे दी। कुछ देर बाद अस्पताल परिसर में उनका शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



