रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव के चलते छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा की तिथियों में संशोधन कर दिया है। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़े :- कोलंबिया में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप: 111 लोगों की मौत, 1500 से अधिक घर तबाह
पहले आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की थीं। चूंकि 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित थी, इसलिए दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई थी। अभ्यर्थियों को डर था कि तारीखें टकराने के कारण किसी एक परीक्षा से वंचित होना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ फैसला
अभ्यर्थियों की यह समस्या मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने पर उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में तुरंत आवश्यक बदलाव के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा का नया और संशोधित कार्यक्रम जारी किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। परीक्षा की तारीखों में टकराव के कारण कोई भी पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लंबे समय तक कठिन परिश्रम करते हैं, इसलिए परीक्षा कार्यक्रम तय करते समय अभ्यर्थियों की व्यावहारिक कठिनाइयों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
4 अगस्त को आया था प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम
सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए पहले अक्टूबर माह की तारीखें प्रस्तावित थीं, जिन्हें अब बदलकर नवंबर के पहले सप्ताह में निर्धारित कर दिया गया है।
मुख्य परीक्षा के लिए करना होगा अलग से आवेदन
मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर जाकर अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत निर्देशों से जुड़ी जानकारी आयोग द्वारा पृथक से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट्स के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहें।



