सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बोधराजपाड़र के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का डंप बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने मौके से .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, दर्जनों जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- खेल-खेल में गई 10 साल की मासूम की जान, गमछे से दम घुटने से दर्दनाक मौत
पुलिस के मुताबिक, एसपी मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराजपाड़र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।
जमीन में छिपाकर रखा था हथियारों का डंप
सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने जंगल में हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने जमीन में दबाकर रखा गया डंप बरामद किया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
.315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल – 1
7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस
7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस
एक एल्यूमिनियम कंटेनर

पुलिस ने सभी हथियार और गोला-बारूद जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बल नक्सलियों के ठिकानों, हथियारों के डंप और गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं तथा भविष्य में भी इसी तरह के सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे।



