कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सतनाम नगर में खेलते समय गमछा गले में फंसने से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़े :- तृषा पर अभद्र टिप्पणी का बवाल: तमिलनाडु में गरमाई राजनीति, उदयनिधि स्टालिन हिरासत में लिए गए
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची रोमा राज मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।
परिजनों ने बताया कि खेल-खेल में रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। वह पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह मजाक करती थी। लेकिन इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।
जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और उसे बचाने का प्रयास किया गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे खेल के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा माना जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



