कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी पर की गई टिप्पणी से आक्रोशित एक युवक ने अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़े :- राम अवतार जग्गी हत्याकांड में दोषी शूटर चिमन सिंह को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत, अपील पर सुनवाई जारी
हमले में पीड़ित युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, वहीं आग की लपटों की चपेट में आने से आरोपी भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी आनंद मंझवार अपने साथी संजय कुमार कंवर के साथ गांव के ही संतराम के घर से लौट रहा था। रास्ते में गांव का ही लीला सिंह अगरिया अपने घर के बाहर खड़ा था। तीनों आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर लीला सिंह ने आनंद पर तंज कसा, जिसके जवाब में आनंद ने भी उस पर टिप्पणी कर दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद गहरा गया।
जान बचाने तालाब में कूदा पीड़ित
विवाद से गुस्साए लीला सिंह ने अपने घर के भीतर से पेट्रोल की बोतल निकाली और बिना संभलने का मौका दिए आनंद पर छिड़क कर माचिस से आग लगा दी। अचानक आग की लपटों से घिरे आनंद ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए पास ही स्थित करीब 100 मीटर दूर डबरी (तालाब) में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच सकी।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
घटना के बाद मौके पर मौजूद दोस्त संजय और ग्रामीणों ने आनंद को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी लीला सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में विवाद का मुख्य कारण पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



