रायपुर। राजधानी में अवैध हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, संतोषी नगर चौक-भाठागांव मार्ग और गोकुल नगर काठाडीह क्षेत्र में दो युवक हाथों में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और अलग-अलग टीमों का गठन कर दोनों स्थानों पर घेराबंदी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शुभम यादव (19) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव और मोहम्मद अनस हुसैन (22) निवासी गोकुल नगर, टिकरापारा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 700/2026 और 701/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ रही चाकूबाजी और हथियारबंद घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने या लोगों में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने किया। पुलिस ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रायपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



