जांजगीर-चांपा। जिले में लूट के इरादे से चौकीदार की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बाइक से घर लौट रहे चौकीदार से दो नाबालिगों ने पहले लिफ्ट मांगी, फिर रास्ते में पैसों की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- 18 किमी लंबी भोरमदेव पदयात्रा का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बूढ़ा महादेव मंदिर से किया शुभारंभ
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश सूर्यवंशी निवासी खोखरा गांव के रूप में हुई है। वह पेशे से चौकीदार था। रविवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से जा रहा था। इसी दौरान जांजगीर के बड़े नहर पुल के पास दो नाबालिगों ने उससे लिफ्ट मांगी।
कुछ दूरी तय करने के बाद दोनों आरोपियों ने राजेश से पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे और उस पर कई बार चाकू से वार किए।
घटना के बाद घायल अवस्था में राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की। रात में ही दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात लूट के प्रयास के दौरान हुई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



