भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई शहर में शुक्रवार को एक छात्रा की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय खुशी साहू की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े :- मंच से BJP विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा – मेरा बस चले तो पूरे क्षेत्र को शराब मुक्त कर दूं
पुलिस के अनुसार, मृतका खुशी साहू मूल रूप से बेमेतरा जिले की निवासी थी और पढ़ाई के लिए भिलाई में रह रही थी। पढ़ाई के साथ वह वैशाली नगर क्षेत्र के एक कैफे में भी कार्यरत थी। वह एक अन्य युवती के साथ रामनगर स्थित पीजी में रहती थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय खुशी की रूममेट नहाने गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति कमरे में पहुंचा और खुशी पर धारदार चाकू से कई वार किए। हमला करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। जब उसकी सहेली वापस कमरे में लौटी तो उसने खुशी को बिस्तर पर गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में पाया। घबराकर उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
जांच के दौरान पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा उसके दोस्तों, परिचितों, सहकर्मियों और पीजी में रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपी तक पहुंचा जा सके।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है, लेकिन इसके पीछे का मकसद अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि व्यक्तिगत रंजिश, परिचित की भूमिका और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
वैशाली नगर थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।



