कवर्धा। भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और अनुशासन का संदेश देते हुए कहा कि पार्टी में अब सभी संगठनात्मक और राजनीतिक पद भर चुके हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को पद की अपेक्षा छोड़कर सरकार और संगठन को मजबूत बनाने पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल का आधा समय पूरा हो चुका है और आने वाले ढाई वर्ष बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी और सरकार के लिए काम करना होगा।
डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना उनकी बड़ी जिम्मेदारी है, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फिलहाल कोई पद रिक्त नहीं है। इसलिए किसी भी प्रकार की नाराजगी या असंतोष रखने के बजाय कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्णयों का सम्मान करते हुए पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए।
अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी किसी पद की मांग नहीं की। संगठन ने जो जिम्मेदारी दी, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी संगठन को सर्वोपरि मानकर नेतृत्व के निर्णयों पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और आगामी समय में संगठन की मजबूती के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।



