रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए आगामी शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़े :- पत्नी के साथ युवक को देखकर पति ने खोया आपा, टंगिया से वार कर की हत्या
यह व्यवस्था देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर लागू की जाएगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
वर्तमान व्यवस्था में होगा बदलाव
वर्तमान में राज्य में स्कूलों का शैक्षणिक सत्र 16 जून से 30 अप्रैल तक संचालित होता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह सत्र समाप्त कर दिया जाएगा और प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च तक शिक्षा सत्र चलेगा। हालांकि विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह 1 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां जारी रहेंगी।
सत्र के पहले दिन मिलेंगी सभी सुविधाएं
स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 1 अप्रैल को नए सत्र की शुरुआत के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली गणवेश (यूनिफॉर्म) और अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
शिक्षण व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी
सरकार का मानना है कि नए शैक्षणिक कैलेंडर से विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत से ही सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी। इससे पढ़ाई में व्यवधान कम होगा और स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित की जा सकेगी।



