धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला से मिलने मध्य प्रदेश से आए युवक पर महिला के पति ने टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े : कोतवाली से महिला आरोपी फरार, ड्यूटी में लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से मोबाइल फोन के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही।
बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने धमतरी पहुंचा था। देर रात वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंचा और दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गुस्से में उसने टंगिया से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण शंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अवैध संबंध के शक का मामला सामने आया है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



