दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जवाहर नगर, अटल निवासी शादाब (19) के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। कुछ समय बाद होटल के कमरे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस की ‘सट्टा सरकार’ के संरक्षण में पल रहे घोटालेबाज अब पाताल से भी खींचे जा रहे : भाजपा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, शादाब के परिजनों ने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उनका दावा है कि जिस स्थिति में शव मिला, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर विश्वास करना मुश्किल है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, शादाब और उसकी महिला मित्र मंगलवार शाम होटल पहुंचे थे और दोनों ने एक कमरा लिया था। कमरे के भीतर क्या हुआ, इसका पता लगाने के लिए युवती और होटल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और जांच जारी है।



