रायपुर। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी दिखाई देने लगा है। पहली ही तेज बारिश में रायपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर-1 जलभराव की चपेट में आ गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई।
यह भी पढ़े :- चिंतन शिविर 3.0 की शुरुआत योग से, मुख्यमंत्री साय ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
बारिश के बाद स्टेशन का सबसे व्यस्त प्लेटफॉर्म नंबर-1 पानी से लबालब नजर आया। जलभराव के चलते कई यात्रियों को सामान के साथ पानी से होकर गुजरना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर पानी भरने से फिसलने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रही, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
मानसून तैयारियों की खुली पोल
बारिश के बाद सामने आए हालात ने रेलवे प्रशासन की मानसून तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान स्टेशन परिसर में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने और मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में यात्रियों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।



