रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तुता गांव में अतिक्रमण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) ने तुता गांव के 35 मकानों पर अतिक्रमण का नोटिस चस्पा कर दिया है। नोटिस के बाद प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- बर्थडे पार्टी में खूनी खेल: शराब के नशे में विवाद, कैंपर से कुचलकर युवक की हत्या
जानकारी के अनुसार, 30 जून को जारी नोटिस में NRDA ने ग्रामीणों पर प्राधिकरण की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। नोटिस में सभी प्रभावित परिवारों को 6 जुलाई तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर प्राधिकरण एकपक्षीय कार्रवाई करेगा।

इधर, नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वे पिछले 25 से 50 वर्षों से इसी स्थान पर रह रहे हैं और उनकी कई पीढ़ियां यहीं बसी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि उनके मकान वास्तव में सरकारी जमीन पर थे, तो इतने वर्षों तक प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
ग्रामीणों का कहना है कि अब अचानक उन्हें अतिक्रमणकारी बताकर नोटिस देना उनके लिए चिंता और असमंजस का कारण बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी बात सुनने और उचित समाधान निकालने की मांग की है।
फिलहाल, इस मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और सभी की निगाहें NRDA की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



