रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा और सक्ती दौरे के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और हालिया निर्णयों पर विस्तार से जानकारी दी।
यह भी पढ़े :- स्कूलों में मंत्रोच्चार विवाद पर हाईकोर्ट का फैसला, कहा- अभी लागू नहीं, इसलिए हस्तक्षेप नहीं
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे आज सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास कार्यों को भी समान रूप से आगे बढ़ा रही है।
मंत्रालय में हाल ही में हुई समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष के बजट में पांच प्रमुख मिशन शामिल किए गए हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन भी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में AI के बढ़ते उपयोग को देखते हुए इसके प्रभावी और व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विस्तृत चर्चा की गई है।
मुख्यमंत्री ने मानसून की स्थिति को लेकर कहा कि अल-नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष मानसून कमजोर रहने की संभावना जताई गई है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग पहले ही इस संबंध में संकेत दे चुका है, इसलिए सरकार किसानों को लगातार जागरूक कर रही है कि वे मौसम के अनुरूप अपनी खेती की योजना बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
चरण पादुका योजना से जुड़े टेंडर पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस विषय को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि यह योजना पिछली सरकार के दौरान बंद कर दी गई थी, जिसे वर्तमान सरकार ने पुनः शुरू किया है और किसानों को इसका लाभ लगातार मिलता रहेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रायपुर में 4 और 5 जुलाई को होने वाले चिंतन शिविर की जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में गुड गवर्नेंस, प्रशासनिक सुधार और सरकार के कामकाज की समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिससे शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।



