रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुना। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, कैबिनेट मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, श्रम आयोग अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, जिला अध्यक्ष रायपुर ग्रामीण श्याम नारंग सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का मनरेगा में राज्यांश बढ़ाने का अनुमोदन राज्य के खजाने पर भार – दीपक बैज
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर कहा कि इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का छत्तीसगढ़ सहित पूरे देशवासियों को हर महीने बेसब्री से इंतजार रहता है। मन की बात आज जनता और देश के नेतृत्व के बीच रू-ब-रू संवाद का सबसे बड़ा और सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके जरिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचार और सकारात्मक कार्यों को जनता के सामने रखते हैं।

इस कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को समाज में कुछ नया और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। देश के सुदूर अंचलों में छिपी प्रतिभाओं और उनके द्वारा किए जा रहे लोक-कल्याणकारी कार्यों को वैश्विक मंच देकर प्रधानमंत्री ने देश में एक सकारात्मक क्रांति की शुरुआत की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने बूथ स्तर पर सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड को रायपुर पश्चिम विधानसभा के तात्यापारा मंडल के अंतर्गत बूथ क्रमांक 245 (गुरु घासीदास कॉम्प्लेक्स) में सुना। भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथ पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश अध्यक्ष आम जनता और कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे। इस अवसर पर उनके साथ छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक राजेश मूणत तथा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे मुख्य रूप से उपस्थित थीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनने के लिए स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
तात्यापारा मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी सहित क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



